AKTU Big Update: डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ ने 5 जून 2026 को एक आधिकारिक सर्कुलर जारी करते हुए बड़ा ऐलान किया है। विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के सम सेमेस्टर के अंतर्गत 8 जून 2026 (सोमवार) को दोनों पालियों में होने वाली सभी विषयों की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। यह सूचना उन तमाम छात्र-छात्राओं के लिए बेहद जरूरी है जो इस तारीख की परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए थे।
क्यों लेना पड़ा यह फैसला?
AKTU के आधिकारिक नोटिस के अनुसार, 8 जून से 10 जून 2026 के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में आयोजित होने वाली है। कई संस्थानों के निदेशकों और प्राचार्यों ने विश्वविद्यालय को ई-मेल और पत्रों के जरिए यह अनुरोध किया था कि एक ही दिन दो बड़ी परीक्षाएं होने से छात्रों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। इन्हीं अनुरोधों को गंभीरता से लेते हुए और सक्षम अधिकारी से अनुमति मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने यह निर्णय लिया।
बता दें कि ये परीक्षाएं पहले से ही एक बार स्थगित होकर 8 जून को निर्धारित की गई थीं, लेकिन UP Police Constable परीक्षा से टकराव के कारण इन्हें दोबारा आगे बढ़ाना पड़ा।
अब कब होगी परीक्षा?
AKTU के संलग्न संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 8 जून को होने वाली सभी 12 विषयों की परीक्षाएं अब 11 जून 2026 को आयोजित की जाएंगी। पहली पाली की परीक्षाएं सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षाएं दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होंगी। जिन विषयों की परीक्षा स्थगित हुई है उनमें BAR202, RAR202, BP501T, KMBIFM03, RMBIFM03, KMBAI205, BMBAI205, BMBCM05, BP201T, KMBIT05, KMBNIT04 और KMT405 शामिल हैं।
नया Admit Card कब और कहां से मिलेगा?
विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि छात्र-छात्राएं अपना नया Admit Card 9 जून 2026 से ERP Portal पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। पुराने Admit Card से परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी, इसलिए सभी परीक्षार्थियों को नया Admit Card जरूर डाउनलोड करना होगा।
संस्थानों को भी मिले निर्देश
AKTU ने सभी संबंधित संस्थानों के निदेशकों और प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि यह सूचना हर छात्र-छात्रा तक समय पर अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए। विश्वविद्यालय का यह आधिकारिक सर्कुलर aktu.ac.in पर उपलब्ध है। सभी छात्रों से अपील है कि किसी भी अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
